Headlines

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई का ग्राम साईंखेड़ा में सात दिवसीय शिविर प्रारंभ

शेयर करें

सागर ।प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छात्रा इकाई द्वारा ग्राम पंचायत साईंखेड़ा में सात दिवसीय पूर्णकालिक आवासीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। यह शिविर 23 फरवरी से 01 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियों का तिलक, पुष्पगुच्छ एवं एनएसएस बैज लगाकर स्वागत किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी एवं शिविर संचालिका डॉ. रश्मि यादव ने सात दिवसीय शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर के अंतर्गत साक्षरता अभियान, स्वच्छता रैली, ग्राम भ्रमण, पौधरोपण, स्वास्थ्य शिविर, स्कूल विजिट, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य मेरा युवा भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा के प्रति युवाओं को प्रतिबद्ध करना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री गुलजारी लाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज सेवा का सशक्त माध्यम है, जो विद्यार्थियों में राष्ट्र सेवा की भावना को प्रबल बनाती है। ग्राम सरपंच श्रीमती मीना कोरी ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में नागरिक कर्तव्यों की भावना विकसित करता है और स्वच्छता, साक्षरता व स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सक्रिय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण योजना है, जो युवा शक्ति के व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला संगठक श्री आर सी प्रजापति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य करती है और विद्यार्थियों को समुदाय की समस्याओं की पहचान कर समाधान में सहभागी बनने हेतु प्रेरित करती है।

डॉ. अजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एनएसएस सामाजिक एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रश्मि यादव ने स्वयंसेविकाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास शासकीय योजनाओं के प्रति जन जागरूकता फैलाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने सभी स्वयंसेविकाओं को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि यादव ने किया एवं आभार प्रदर्शन स्वयंसेविका दीपाली ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं शिविर की स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!