एमपी प्रीमियम लीग 2026 के लिए बुंदेलखंड के युवा क्रिकेटरों की तलाश, महिला व पुरुष खिलाड़ियों के लिए खुले ट्रायल
सागर।मध्यप्रदेश प्रीमियम लीग 2026 (सीजन–2) के लिए बुंदेलखंड बुल्स ने बुंदेलखंड अंचल के प्रतिभाशाली लड़के एवं लड़कियों क्रिकेट खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। टीम द्वारा नए और उभरते खिलाड़ियों की खोज के लिए आगामी 8 एवं 9 फरवरी को सागर एसोसिएशन ग्राउंड में आधिकारिक ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं।
यह ट्रायल पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ियों के लिए खुला है। 16 से 22 वर्ष आयु वर्ग के वे नवोदित खिलाड़ी, जिन्होंने अभी तक रणजी या किसी बड़े स्तर का क्रिकेट नहीं खेला है, वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
ट्रायल बुंदेलखंड बुल्स के प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे हैं, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं अंचल स्तर की प्रतिभाओं को पहचान दिलाकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना है।
ट्रायल में शामिल होने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। इसके लिए उपलब्ध बारकोड स्कैन कर खिलाड़ी सरलता से अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर युवा शक्ति संगठन के जिला अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा—“बुंदेलखंड बुल्स ने लड़के और लड़कियों दोनों को समान अवसर देकर यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं होती। जिन युवाओं में हुनर और कुछ कर दिखाने का जुनून है, उनके लिए यह राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ने का स्वर्णिम अवसर है।”
सागर, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना सहित बुंदेलखंड एवं संभाग के सभी जिलों के खिलाड़ी इन ट्रायल में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए खिलाड़ी बुंदेलखंड बुल्स के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज से जुड़ सकते हैं।
बुंदेलखंड की धरती ने हमेशा संघर्षशील और प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। अगर हाथों में हुनर, आंखों में सपना और दिल में जुनून है—तो यह मौका आपके लिए है।
मैदान तैयार है, अब फैसला आपके हाथ में है।