सागर। दिल्ली में आयोजित एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को सागर में भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया।
इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। कांग्रेस कार्यालय के बाहर दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जहां नारेबाजी के बीच जूते-चप्पल और झाड़ू फेंके गए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का उपयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कटरा बाजार से रैली निकालते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। यहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस नारेबाजी में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के नेताओं के पुतले जलाने की कोशिश की। इसी दौरान झाड़ू और चप्पल फेंके जाने लगे, जिसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी जूते-चप्पल उछाले। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन हालात काबू से बाहर होते देख वॉटर कैनन चलानी पड़ी।
दिल्ली के एआई समिट की घटना बना विवाद का कारण
दरअसल, शुक्रवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई (AI) समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी। भाजपा ने इसे विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश की छवि खराब करने वाला कृत्य राष्ट्रविरोधी बताया, जबकि कांग्रेस का कहना है कि यह बेरोजगारी और डेटा सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाने का लोकतांत्रिक तरीका था।