Headlines

रहस मेला बहुउपयोगी मेला बन गया, इस प्रकार के मेले प्रदेश में शुरू होंगे- स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह

शेयर करें

नींव कमजोर होगी तो भविष्य कमजोर होगा, प्राथमिक शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाकर नींव को मजबूत किया जा रहा है — विधायक एवं पूर्व मंत्री भार्गव

ज्ञान गुण सागर/सागर ।सरकारी स्कूलों को निजी विद्यालयों से अच्छी गुणवत्ता युक्त शिक्षा संस्थान बनाने का कार्य सरकार कर रही है। मध्य प्रदेश में इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा शीघ्र शुरू होगी। साथ ही रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर सहित प्रदेश में 200 सांदीपनि विद्यालय शुरू होंगे एवं रहली-गढ़ाकोटा का रहस मेला बहुउपयोगी मेला बन गया है। इस प्रकार के मेले प्रदेश में शुरू होंगे। उक्त विचार मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने गढ़ाकोटा में तीन दिवसीय आयोजित रहस मेले के द्वितीय दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, मेला अध्यक्ष अभिषेक दीपू भार्गव, मनोज तिवारी, संजय दुबे, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग शत्रुंजय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज देवरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आने वाले समय में 200 नये सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जाएंगे, जिसमें 20 करोड़ की लागत से रहली विधानसभा क्षेत्र के रहली-रायपुर में यह विद्यालय शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार परिवहन सेवा को सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए अप्रैल माह से इंदौर से ग्रामीण परिवहन सेवा की शुरुआत होगी, जो धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में लागू होगी।

मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि गोपाल भार्गव एक आदर्श राजनेता हैं, जो लगातार अपना चुनाव जीतते आ रहे हैं। यह कार्य अत्यंत कठिन है, किंतु उनकी जनसेवा इस कार्य को सरल बना देती है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार का कार्य उनके बेटे अभिषेक दीपू भार्गव द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रहली विधानसभा क्षेत्र को दो विधायक मिले हैं। यह मध्य प्रदेश का पहला विधानसभा क्षेत्र है, जहां दो-दो विधायक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक निर्वाचित विधायक गोपाल भार्गव हैं और दूसरे सेवा करने वाले उनके बेटे अभिषेक भार्गव हैं।

इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि यह रहस मेला बहुउद्देशीय मेला बन गया है, जिसमें एक छत के नीचे शासन की सभी योजनाएं देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के कारण आज रहली विधानसभा क्षेत्र लगातार विकास कर रहा है और इस क्षेत्र के विद्यार्थी प्रदेश एवं देश में उच्च पदों पर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की छवि सुधारने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है, जिसमें प्रमुख रूप से सांदीपनि विद्यालय हैं, जहां निजी विद्यालयों से अच्छी शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब नींव कमजोर होती है तो भविष्य कमजोर होता है, किंतु सरकार प्राथमिक शिक्षा को मजबूत कर नींव को सुदृढ़ कर रही है।

विधायक एवं पूर्व मंत्री भार्गव ने कहा कि रहली विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 26,000 से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाने का कार्य किया जा चुका है और 5,000 से अधिक प्रधानमंत्री आवास और स्वीकृत हुए हैं। इस प्रकार क्षेत्र का कोई भी गरीब व्यक्ति बिना छत के नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस रहस मेले में दूसरे दिन दिव्यांग प्रशिक्षण सेवा शिविर लगाया गया था, जिसमें दिव्यांग प्रमाणपत्र, दिव्यांगों की जांच एवं उपकरण वितरण का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि 2 दिनों में 1,500 से अधिक व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए एवं अनेक दिव्यांगजनों को उपकरण प्रदान किए गए।
इस अवसर पर रहस मेला अध्यक्ष अभिषेक भार्गव दीपू ने भी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर सुरेश कपासिया, अभिलाष मिश्रा, स्वामी विवेकानंद विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल तिवारी, एसडीएम कुलदीप पाराशर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी स्वाती दुबे, आर.डी. अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन विक्की जैन ने किया ।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!