Headlines

परीक्षा से पूर्व छात्रों में भरा जोश: अग्रणी महाविद्यालय में ‘प्रेरणा एवं लक्ष्य निर्धारण’ पर कार्यशाला संपन्न

परीक्षा से पूर्व छात्रों में भरा जोश: अग्रणी महाविद्यालय में ‘प्रेरणा एवं लक्ष्य निर्धारण’ पर कार्यशाला संपन्न
शेयर करें

सही समय पर लिया गया सही निर्णय ही भविष्य की आधारशिला रखता है

सागर। उच्च शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश, भोपाल के निर्देशों के परिपालन में शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण और मानसिक सुदृढ़ता हेतु “प्रेरणा एवं लक्ष्य निर्धारण” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के गरिमामय निर्देशन में संपन्न हुआ जिसकी अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य डॉ गोपा जैन ने की।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्नातक स्तर की परीक्षाओं से ठीक पहले विद्यार्थियों को तनावमुक्त कर उन्हें सफलता के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. गोपा जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपने संबोधन में विद्यार्थियों को एकाग्रता का महत्व समझाते हुए कहा कि सही समय पर लिया गया सही निर्णय ही भविष्य की आधारशिला रखता है। कार्यक्रम के व्यवस्थित संचालन में संयोजक सुनील प्रजापति सहित वरिष्ठ सदस्य डॉ. रविंद्र सिंह ठाकुर एवं श्रीमती रश्मि दुबे की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने आयोजन की रूपरेखा को सुव्यवस्थित ढंग से क्रियान्वित किया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित डॉ. रामकुमार तिवारी ने स्नातक स्तर की परीक्षाओं की दहलीज पर खड़े विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र दिए। उन्होंने विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि परीक्षा की तैयारी केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि विषम परिस्थितियों में धैर्य और अटूट आत्मविश्वास बनाए रखना भी इसका अनिवार्य हिस्सा है। डॉ. तिवारी ने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर विद्यार्थी अपनी ऊर्जा का सही उपयोग कर सकते हैं।
स्नातक परीक्षाओं के ठीक पूर्व आयोजित इस कार्यशाला को लेकर छात्र-छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में उपस्थित विद्यार्थियों ने न केवल वक्ता के अनुभवों का लाभ उठाया, बल्कि परीक्षा के तनाव को दूर करने की बारीकियों को भी समझा।
कार्यशाला के आयोजन को लेकर डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि परीक्षा के ऐन वक्त पर प्राचार्य डॉ सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में इस तरह के प्रेरणादायी सत्र विद्यार्थियों के प्रदर्शन में गुणात्मक सुधार लाने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!