सागर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कांग्रेसजनो ने भगवानगंज स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से सदर मुहाल स्थित शास्त्री चौक तक पैदल मार्च निकाला। काले कपड़े पहनकर शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए समापन स्थल पर प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के छाया चित्रों के पोस्टर जलाए और इसे इतिहास का काला दिवस बताया।इस अवसर पर भारी संख्या में पुलिस बल, वाटर कैनन और पुलिस की गाड़ियों से जुलूस में मौजूद रहा।
सभा को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि देश में जितना सम्मान प्रधानमंत्री का होता है उतना ही सम्मान नेता प्रतिपक्ष का होता है, लेकिन एक कचौड़ी दो समोसा यानी नरेंद्र मोदी सरकार और अमित शाह, नितिन नवीन के इशारे पर भाजपा सरकार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के सांसद चुनाव आयोग से जवाबदेही मांगने जा रहे थे, तो उन पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किया गया। राहुल जी, प्रियंका जी और हमारे सांसदों पर हमला, सीधा संविधान पर हमला है। इसलिए आज का दिन काला दिवस है।
महेश जाटव ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जनता की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी पर अब तक 45 मामले भाजपा सरकार दर्ज करवा चुकी है। साथ ही जिस जगह पर सभी इकट्ठा थे वहां जैमर लगा दिए गए ताकि संपर्क न हो सके। हमारी मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाया जाए।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार चुनाव आयोग को अपनी कठपुतली बनाकर लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। जो चुनाव आयोग कभी निष्पक्षता का प्रतीक था, आज वह सत्ता पक्ष के इशारे पर विपक्ष की आवाज को दबा रहा है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत इस बात का सबूत है कि सरकार सवालों से डरती है। सागर की इस धरती से हम ऐलान करते हैं कि हम बाबा साहब के संविधान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे। संचालन सिंटू कटारे ने, आभार डाक्टर किरण लता सोनी ने जताया।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव रामकुमार पचौरी,मुकुल पुरोहित, राकेश राय, सागर साहू , पप्पू गुप्ता, कमलेश तिवारी,शरद पुरोहित नरेंद्र मिश्रा, हेमराज रजक, पीयूष अवस्थी, जितेंद्र रोहण माधवी चौधरी शैलेंद्र तोमर, अवधेश तोमर ,अरविंद पंथी, आनंद हैला ,आनंद तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थिति थे ।