ज्ञान गुण सागर/सागर। श्री बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा 13 अक्टूबर, मंगलवार को बागेश्वर धाम से पन्ना, दमोह होते हुए सागर जिले के गढ़ाकोटा और रहली से बम्हौरी चौराहे के रास्ते सागर नगर की सीमा में प्रवेश करेगी। यहां से यात्रा आरटीओ, सिग्नल तिली चौराहा होते हुए श्री बालाजी मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। सागर जिला शिष्य मंडल एवं सुंदरकांड मंडल द्वारा रथयात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा की जाएगी।

श्री बालाजी मंदिर प्रांगण में गुरुजी के मंच पर पहुंचने से पहले लगभग 51 बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन किया जाएगा। इसके बाद पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के मंच पर पहुंचने पर हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ एवं मंत्रोच्चार के साथ हवन किया जाएगा। इसके बाद दिव्य दरबार लगाया जाएगा। कार्यक्रम के पश्चात पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री श्री बालाजी परिसर में विश्राम करेंगे।
14 अक्टूबर को सुबह 8 बजे श्री बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना, राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं ध्वजारोहण का कार्यक्रम होगा। सुंदरलाल श्रीवास्तव स्कूल की छात्राओं की सहभागिता में ध्वजारोहण के बाद रथयात्रा आगे के लिए रवाना होगी। यात्रा मोतीनगर चौराहा, ओम स्टील, रेलवे ब्रिज एवं भगवानगंज होते हुए रजाखेड़ी चौराहे पहुंचेगी, जहां भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद रथयात्रा मकरोनिया होते हुए बांदा के लिए प्रस्थान करेगी।
आयोजन समिति द्वारा आवास व्यवस्था, संत निवास व्यवस्था, भोजन, पेयजल, पंडाल, पार्किंग, साफ-सफाई, पुलिस कंट्रोल, चिकित्सा एवं प्रसादी वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। कार्यक्रम स्थल की तैयारियां भी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की समस्त जिम्मेदारियों का निर्वहन कोर कमेटी के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है।