सागर।जिला अधिवक्ता संघ सागर के आगामी चुनाव की प्रक्रिया के तहत बुधवार को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जिसमे 1442 मतदाताओं के नाम हैं। यह जानकारी जिला अधिवक्ता संघ सागर के सचिव वीरेंद्र सिंह राजपूत ने देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के उद्देश्य से प्रारंभिक मतदाता सूची अधिवक्ताओं के अवलोकन के लिए जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अधिवक्ताओं को निर्धारित अवधि तक दावे एवं आपत्तियाँ प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। यदि किसी अधिवक्ता का नाम सूची में दर्ज नहीं है, किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा किसी अन्य संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित अधिवक्ता नियमानुसार अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे।
सचिव ने बताया कि प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का परीक्षण एवं निराकरण करने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसी अंतिम मतदाता सूची के आधार पर जिला अधिवक्ता संघ सागर के चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने बताया की चुनाव प्रक्रिया संपन्न करने हेतु 06 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सहमति हेतु पत्र भेजा गया था जिसमे वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सहमति प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची का अवलोकन कर तीन कार्य दिवस दिनांक (16.07.26,17.07.26और 20.07.26तक)समय-सीमा के भीतर आवश्यक होने पर अपने दावे एवं आपत्तियाँ अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं पारदर्शी रूप से तैयार की जा सके।