महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस, विशेषज्ञों ने साझा किए विचार
सागर/ ‘राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस’ के अवसर पर शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय सागर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराना था, जिसमें महाविद्यालय के 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से अपनी सहभागिता दर्ज की।
तकनीक और परंपरा का संगम
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि एआई (AI) को ‘भारतीय ज्ञान परंपरा’ (IKS) से जोड़ना आज के समय की मांग है। उनके अनुसार, भारतीय मूल्यों और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ तकनीक का समन्वय न केवल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी मील का पत्थर साबित होगा।
AI से बदल रहा है शिक्षा और स्वास्थ्य का परिदृश्य
मुख्य वक्ता के रूप में पधारे शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सागर के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. मयंक कुमार रूसिया ने अपने प्रेरक व्याख्यान में एआई (AI) की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने बताया कि वर्तमान में एआई शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुसंधान और उद्योगों में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस तकनीक का रचनात्मक और सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
छात्रों ने बौद्धिक कौशल का किया प्रदर्शन
इस अवसर पर शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत 10 विद्यार्थियों ने प्रौद्योगिकी विषय पर प्रभावशाली सेमिनार प्रस्तुत किए। इसके साथ ही आयोजित ‘प्रश्न मंच’ (Quiz) में सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने इस पूरे सत्र को अत्यंत ज्ञानवर्धक और भविष्य के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. सुचिता अग्रवाल एवं सह-संयोजन डॉ. संजय कुमार राय द्वारा किया गया, जबकि मंच का प्रभावी संचालन डॉ. रामकुमार तिवारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रंजना मिश्रा (विभागाध्यक्ष हिंदी) और विशेष अतिथि के रूप में डॉ. गोपा जैन (विभागाध्यक्ष जूलॉजी) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी डॉ. इमराना सिद्दीकी, डॉ. विकास त्रिपाठी, डॉ. संजय कुमार दुबे सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
प्राचार्य जी के निर्देशानुसार
भवदीय
डॉ संदीप सबलोक