सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नपा कर्रापुर स्थित गंगाधाम मेला प्रांगण में 31 जनवरी, शनिवार को आयोजित बसंत पंचमी मेला महोत्सव ने धार्मिक आस्था, क्षेत्रीय संस्कृति और सामाजिक सौहार्द की एक नई मिसाल पेश की। इस भव्य आयोजन का विधिवत शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक प्रदीप लारिया ने पूजा-अर्चना के साथ किया, जिसके बाद मेले में उमड़े जनसैलाब ने समूचे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। मेला परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत कर दिया। मंच पर एक के बाद एक प्रस्तुत बधाई नृत्य और बरेदी नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त, राजस्थान की प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्य शैली और स्थानीय ढिमरयाई गायक एवं नृत्य ने भी खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यू-ट्यूब के माध्यम से घर-घर पहुंचे बुंदेली हास्य कलाकार असवेन्द्र दादा और राघवेन्द्र सिंह लोधी (हल्लेदाउ) रहे, जिनकी प्रस्तुतियों पर पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा। भजन गायक राजेंद्र शर्मा, भोपाल की सुमधुर वाणी ने भी भक्तिमय माहौल निर्मित किया। विधायक लारिया, अपने कार्यकाल (2008 से) में सदैव क्षेत्र विकास के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को ऊंचा उठाने के प्रति समर्पित रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि भौतिक विकास के साथ-साथ अपनी जड़ों, आस्था और परंपराओं से जुड़े रहना भी अत्यंत आवश्यक है।
बसंत पंचमी मेला महोत्सव का हुआ आयोजन