सागर .कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिलेवासियों से जनगणना में सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि है भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के सफल और सरल क्रियान्वयन हेतु नागरिकों की सुविधा के लिए डिजिटल जनगणना का विकल्प अपनाया गया है। नागरिक चाहे तो स्वयं ही 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) प्रक्रिया अपनाकर अपनी जानकारी जनगणना हेतु सबमिट कर सकते हैं।
स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया
जनगणना 2021/2027 के लिए ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की सुविधा शुरू की है। नागरिक अब आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
अनुभाग 1: पोर्टल में प्रवेश एवं प्रारंभिक पंजीकरण
1. पोर्टल लॉगिन: नागरिक सबसे पहले https://se.census.gov.in पर जाएँ। यहाँ अपने राज्य/संघ राज्य क्षेत्र का चयन करें और कैप्चा कोड भरकर लॉगिन करें।
2. परिवार पंजीकरण: परिवार के मुखिया का नाम और 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज करें। (ईमेल आईडी वैकल्पिक है)।
ध्यान रखें कि एक मोबाइल नंबर का उपयोग केवल एक परिवार के लिए ही किया जा सकता है। मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा।
अनुभाग 2: सत्यापन एवं स्थान की पहचान
3. भाषा चयन एवं OTP: अपनी पसंदीदा भाषा चुनें और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) दर्ज करें। चयनित भाषा को बाद में बदला नहीं जा सकता
4. स्थान का विवरण: अपने जिले, तहसील, गाँव/नगर और वार्ड/मोहल्ला जैसी भौगोलिक जानकारी दर्ज करें।
5. मानचित्र पर निवास स्थान: पोर्टल पर दिए गए मानचित्र (Map) पर लाल मार्क (पॉइंटर) को ड्रैग करके अपने घर के सटीक स्थान को चिह्नित करें तथा स्थान की पुष्टि करें।
अनुभाग 3: डेटा दर्ज करना एवं अंतिम प्रस्तुतिकरण
6. प्रश्नावली पूर्ण करना: मकान सूचीकरण और मकान गणना से संबंधित सभी प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरें। सहायता के लिए पोर्टल पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs) तथा आवश्यक सूचना उपलब्ध हैं।
7. पूर्वावलोकन एवं समीक्षा: फॉर्म सबमिट करने से पहले दर्ज की गई सभी जानकारी की जाँच कर लें। यदि कोई सुधार आवश्यक हो, तो उसे इसी चरण में कर लें। बाद में प्रस्तुत करने के लिए ड्राफ्ट के रूप में सेव करें या पुष्टि करें और सबमिट करें।
8. अंतिम प्रस्तुतिकरण: सबमिट करें बटन पर क्लिक करके अपने डेटा को अंतिम प्रस्तुतिकरण करें। सबमिट करने के बाद डेटा में किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा।
अंतिम प्रस्तुतिकरण / सफल सबमिशन के बाद, 11 अंकों की एक विशिष्ट ‘स्व-गणना पहचान संख्या’ (SE ID) जनरेट होगी, जो H अक्षर से आरंभ होगी। यह आईडी आपके मोबाइल पर SMS द्वारा भी भेजी जाएगी।
अनुभाग 4: क्षेत्रीय सत्यापन
9. प्रगणक का दौरा: जब जनगणना प्रगणक (Enumerator) आपके घर आएँ, तो उन्हें अपनी 11 अंकों की ‘स्व-गणना पहचान संख्या’ (SE ID) प्रदान करें। यदि आपकी SE ID मौजूदा रिकॉर्ड से मेल खाती है, तो आपकी जानकारी को स्वीकार कर लिया जाएगा। यदि SE ID मेल नहीं खाती है अथवा डेटा में कोई भिन्नता होती है, तो प्रगणक द्वारा मौके पर ही नई जानकारी दर्ज की जाएगी।