Headlines

जतारा में लगभग 1000 एकड़ भूमि पर विकसित होगा नवीन औद्योगिक क्षेत्र;झांसी-मऊरानीपुर के 35 निवेशकों ने जतारा में निवेश की सहमति दी

झांसी-मऊरानीपुर के 35 निवेशकों ने जतारा में निवेश की सहमति दी
शेयर करें

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की क्षेत्रीय औद्योगिक विकास नीति के अंतर्गत टीकमगढ़ जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले की जतारा एवं पलेरा तहसील में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

इसी क्रम में मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा में लगभग 1000 एकड़ भूमि पर नवीन औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। उक्त औद्योगिक क्षेत्र के विकास के संबंध में श्री प्रतुल चंद्र सिन्हा, कार्यकारी संचालक, एमपीआईडीसी, क्षेत्रीय कार्यालय सागर द्वारा कलेक्टर टीकमगढ़ श्री विवेक श्रोत्रिय के साथ विभिन्न विभाग के अधिकारियों से संयुक्त चर्चा की गई। कलेक्टर टीकमगढ़ द्वारा जिला अधिकारियों को विद्युत, जल एवं औद्योगिक क्षेत्र के विकास हेतु अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने निर्देशित किया गया।

टीकमगढ़ जिले एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने के लिये कार्यकारी संचालक, एमपीआईडीसी, क्षेत्रीय कार्यालय सागर ने उत्तर प्रदेश के झांसी एवं मऊरानीपुर में उद्योगपतियों, चेंबर ऑफ कॉमर्स, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों से प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र जतारा एवं बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों में निवेश करने हेतु मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न उद्योग अनुकूल नीतियों तथा उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न सहायताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यकारी संचालक द्वारा बुंदेलखंड क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने हेतु उद्योगपतियों से सुझाव एवं उनकी मूलभूत आवश्यकताओं के बारे में चर्चा की।

बैठक में जतारा में औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के लिए उपलब्ध भूमि, अधोसंरचना एवं मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उनके द्वारा निवेशकों को अवगत कराया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में ईटीपी, एसटीपी, स्कूल, पार्क, बैंक, ए.टी.एम., पुलिस थाना, फायर स्टेशन, चौड़ी सड़कें, नालियां, स्ट्रीट लाइट, पानी आदि अधोसंरचनाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही उद्योगों की स्थापना एवं निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए शासन द्वारा उपलब्ध प्रोत्साहन योजनाओं के संबंध में भी बताया गया। निवेशक अनुकूल नीतियां, शीघ्र अनुमतियां, प्रतिस्पर्धी भूमि दरें तथा मजबूत औद्योगिक परिस्थिति तंत्र आज मध्यप्रदेश की पहचान बन चुके हैं।

जतारा में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र की भूमि भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक स्थान पर स्थित है। यह क्षेत्र जतारा तहसील के साथ-साथ पलेरा एवं लिधौरा तहसीलों के निकट तथा टीकमगढ़ जिले के समीप स्थित है। इसके अतिरिक्त यह क्षेत्र झांसी जिले के मऊरानीपुर क्षेत्र एवं छतरपुर जिला के लिए भी सुगम कनेक्टिविटी वाला स्थान है। इस प्रकार जतारा का क्षेत्र बुंदेलखंड के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों के मध्य एक प्रकार के केंद्रीय/रणनीतिक स्थान के रूप में उद्योगों के लिए बेहतर संभावनाएं रखता है।

बैठक के दौरान झांसी एवं मऊरानीपुर के निवेशकों द्वारा बुंदेलखंड में औद्योगिक क्षेत्र में निवेश पर सहमति जताते हुए मध्य प्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सिंगल विंडो सिस्टम से संबंधित विभिन्न जानकारी चाही गई, जिनका कार्यकारी संचालक, एमपीआईडीसी, क्षेत्रीय कार्यालय सागर द्वारा विस्तारपूर्वक उत्तर देते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

झांसी में आयोजित बैठक में 15 निवेशकों द्वारा तथा मऊरानीपुर में आयोजित बैठक में 20 निवेशकों द्वारा औद्योगिक क्षेत्र जतारा में निवेश हेतु सहमति प्रदान की गई।

झांसी एवं मऊरानीपुर बैठकों में विधान परिषद सदस्य श्री रामतीर्थ सिंघल, बुंदेलखंड चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री धीरज खुल्लर, लघु उद्योग भारती जिला अध्यक्ष श्री राजीव वब्बर, आई.सी.ए.आई. झांसी चेयरमैन श्री जयतमनी जैन, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल अध्यक्ष श्री संजय पटवारी सहित विभिन्न उद्योगपति सम्मिलित हुये।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!