Headlines

भारतीय जनता पार्टी की मासिक बैठक को प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया वर्चुअल संबोधित

शेयर करें

तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का जनअभियान है : राजेंद्र शुक्ल

सागर। तिरंगा यात्रा केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आर्थिक प्रगति के साथ-साथ राष्ट्र के संस्कार, संस्कृति, अध्यात्म और देशभक्ति की भावना को भी समान रूप से सशक्त करना आवश्यक है यह बात उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने संभागीय भाजपा कार्यालय सागर में आयोजित मासिक बैठक को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए कही।बैठक को प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेंद्र पाराशर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया।बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुधा जैन, जिला महामंत्री चैन सिंह ठाकुर,चेतराम अहिरवार,सुमित यादव मंचसीन रहें।

बैठक को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक उन्नति से प्राप्त नहीं होगा, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक समाज ही भारत को विश्व में अग्रणी बनाए रख सकता है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति गर्व, कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सशक्त करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल एवं जिला स्तर तक पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ अभियान को सफल बनाते हुए सागर को प्रदेश के लिए आदर्श जिला बनाने का आह्वान किया।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पराशर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी अभियान केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, जनजागरण, सांस्कृतिक चेतना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति समाज को जागरूक करने के सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सागर भाजपा संगठन सदैव प्रदेश में अनुकरणीय कार्य करता आया है और इस बार भी हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान को अभूतपूर्व जनभागीदारी के साथ सफल बनाकर पूरे प्रदेश के लिए मिसाल कायम की जाए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और 140 करोड़ भारतीयों की एकता का प्रतीक है। प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करे तथा प्रत्येक नागरिक तक तिरंगा सहज रूप से उपलब्ध कराने का भी प्रयास करे। उन्होंने अभियान के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग करने तथा तिरंगा उपलब्धता केंद्रों की जानकारी व्यापक स्तर पर साझा करने पर जोर दिया।

लोकेन्द्र पराशर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति आस्था और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का भाव प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों में नागरिक कर्तव्य, संविधान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के योगदान पर संगोष्ठियों और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझे और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बने।

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, प्रबुद्धजनों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान, पुष्पांजलि तथा वीर परिवारों के सम्मान जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना का वाहक है। संगठन विस्तार, नेतृत्व निर्माण और जनसंपर्क को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक मंडल में योजनाबद्ध, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण ढंग से अभियान संचालित किया जाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सागर जिले ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पखवाड़ा, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म अभियान, समरसता कार्यक्रमों सहित विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों में प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। यह उपलब्धि संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अब संगठन के सामने हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा अभियान जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और संविधान के प्रति कर्तव्यबोध जागृत करने का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करें, जिम्मेदारियों का प्रभावी विभाजन करें और पूरी ऊर्जा, समर्पण एवं अनुशासन के साथ अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सागर जिला एक बार फिर संगठनात्मक क्षमता का परिचय देते हुए पूरे मध्यप्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का सर्वश्रेष्ठ जिला बनकर उभरेगा।

बैठक का संचालन बैठक का संचालन जिला मंत्री अर्जुन पटेल व आभार जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने किया। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष मोर्चा अध्यक्ष प्रकोष्ठ जिला संयोजक प्रदेश सह संयोजक अपेक्षित पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!