खुरई। बीना रोड स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल में शुक्रवार रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के सैकड़ों कार्यकर्ता स्कूल परिसर के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रबंधन पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की।
मामले की सूचना मिलते ही खुरई देहात और खुरई शहरी थाना पुलिस का बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। करीब तीन घंटे तक स्कूल के बाहर प्रदर्शन चलता रहा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्कूल के अंदर कुछ लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इसी आरोप को लेकर कार्यकर्ताओं ने स्कूल के बाहर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर कर मुख्य गेट बंद कर दिया। हालांकि, इसके बाद भी गेट के बाहर प्रदर्शन जारी रहा।

मौके पर बीना एसडीओपी अजय कुमार सनकत, खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी और खुरई शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
इस सम्बन्ध में स्कूल प्राचार्या सिस्टर केथरिन ने बताया कि उनकी 3 सिस्टर नन बनने जा रहीं हैं,हमारे लिए यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण आयोजन होता है, इसकी तैयारी चल रही थी तभी हंगामा होने लगा, जो आरोप लगाए जा रहे हैं वो निराधार हैं, धर्म परिवर्तन जैसा कुछ नहीं हैं, नन बन रहीं सिस्टर के परिजन आये हैं जो स्कूल में ठहरे हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
