सागर. जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के आदेश एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्रीमती वंदना पांडे के निर्देशन में 6 अक्टूबर 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने सागर शहर के बस स्टैंड के पास आरोपी सोहिल खान (31 वर्ष), पिता इशाक खान, निवासी कृष्णगंज वार्ड, सागर को अवैध मदिरा का विक्रय करते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 01 बोतल सिग्नेचर व्हिस्की बरामद की गई। इसके साथ ही शराब की होम डिलीवरी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी क्रमांक MP 15 ZL 4154 को भी जब्त किया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। जब्त वाहन एवं अवैध मदिरा का अनुमानित मूल्य करीब 80 हजार रुपये बताया गया है कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त दक्षिण प्रभारी राजेंद्र बिलावर, आबकारी उपनिरीक्षक एस.पी. साकेत तथा आबकारी आरक्षक दिलीप सिंह ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।