सागर. कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री संदीप जी.आर. द्वारा जनगणना 2027 एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों तक सटीक, सरल एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाना रहा, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर एवं अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर, जनसंपर्क से श्री मनोज एवं सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के सदस्य मौजूद थे।कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री संदीप जी.आर. ने बैठक में कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंचार का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है, जिसका उपयोग सकारात्मक दिशा में करते हुए जनजागरूकता बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 देश के विकास की आधारशिला है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ऐसे में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इन्फ्लूएंसर्स से कहा कि वे अपने-अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी, जैसे स्व-गणना प्रक्रिया, तिथियां एवं आवश्यक निर्देश, आमजन तक पहुंचाएं और उन्हें भागीदारी के लिए प्रेरित करें। साथ ही, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी सरल भाषा में साझा करें, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़े और वे योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।अपर कलेक्टर ने कहा कि सही जानकारी का प्रसार ही जनभागीदारी को बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए सभी का दायित्व है कि वे तथ्यात्मक एवं प्रमाणिक जानकारी साझा करें। बैठक में जनसंपर्क विभाग द्वारा जनगणना-2027 एवं विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार की जा रही रणनीति की जानकारी भी दी गई। साथ ही, इन्फ्लूएंसर्स से सुझाव प्राप्त कर उन्हें आवश्य जानकारी प्रदान की गई।
जनगणना 2027 और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार हेतु कलेक्टर ने इन्फ्लूएंसर्स के साथ की बैठक