Headlines

नरयावली के विकास का ‘महासंकल्प’: चिलचिलाती धूप में उमड़ा जनसैलाब,मुख्यमंत्री ने दी करोड़ों की सौगात

शेयर करें

विधायक लारिया की सक्रियता लाई रंग; कड़ान सिंचाई परियोजना, मकरोनिया फ्लाईओवर सहित 8 प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री ने मंच से की घोषणा

नरयावली।भीषण गर्मी और आसमान से बरसती आग भी नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विकास पथ को रोकने में नाकाम रही। गुरुवार का दिन नरयावली के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया, जब प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में क्षेत्र को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात मिली। सांदीपनि विद्यालय और आईटीआई जरुआखेड़ा के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र में कुल 68 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी ने नरयावली को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने कहा कि ​सरकार अंतिम छोर के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुँचाने और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। ​केन-बेतवा लिंक परियोजना’ के माध्यम से बुंदेलखंड में सिंचाई का विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलेगी।
​युवाओं के पलायन को रोकने के लिए व्यावसायिक शिक्षा और स्थानीय स्तर पर उद्योगों की स्थापना पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ​लाड़ली बहना और आयुष्मान जैसी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुँचाकर ‘विरासत के साथ आधुनिक विकास’ का लक्ष्य साधा जा रहा है।

विकास की तपिश के आगे फीकी पड़ी गर्मी
कार्यक्रम की सबसे खास बात वह ‘जनसैलाब’ रहा, जो चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बावजूद अपने जनप्रिय मुख्यमंत्री को सुनने के लिए उमड़ पड़ा। यह भीड़ केवल संख्या बल नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की विकासवादी नीतियों और विधायक इंजी.प्रदीप लारिया के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण थी। मातृशक्ति और युवाओं की विशाल उपस्थिति ने सिद्ध कर दिया कि नरयावली अब प्रगति की नई ऊंचाई छूने को आतुर है।

विधायक लारिया की 8 मांगों को मंच से ही की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान नरयावली विधायक इंजी.प्रदीप लारिया ने न केवल केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का खाका खींचा, बल्कि क्षेत्र की जनता की नब्ज को पहचानते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष विकास का ठोस मांग पत्र रखा। विधायक लारिया के प्रयासों का ही परिणाम था कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से ही नरयावली की 8 प्रमुख मांगों की तत्काल घोषणा कर दी।
निर्माणाधीन परियोजना हेतु 240 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित राशि, आईटीआई जरूआखेड़ा में इलेक्ट्रीशियन, फिटर, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग और सोलर टेक्नीशियन जैसे नवीन ट्रेड प्रारंभ होंगे, कर्रापुर नगर परिषद के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की विशेष निधि, शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास नरयावली के नवीन भवन का निर्माण, खाकरोन-ईशुरवारा मार्ग पर 200 मीटर लंबे जलमग्नीय पुल (लागत 16.70 करोड़) को हरी झंडी, बम्होरी तिराहा से गढ़पहरा तक 24 किमी लंबी सड़क को फोरलेन में तब्दील करने की सीआरएफ मद, मकरोनिया चौराहे पर वन टाइम इंप्रूवमेंट (OTI) योजना के तहत बहुप्रतीक्षित फ्लाई ओवर की घोषणा की।

इस अवसर पर विधायक लारिया ने कहा कि यह जीत जनता के भरोसे की है। मुख्यमंत्री जी ने जिस सहजता से करोड़ों की परियोजनाओं को मंजूरी दी, उसके लिए पूरा क्षेत्र उनका आभारी रहेगा। मकरोनिया फ्लाई ओवर की स्वीकृति से सुगम और निर्बाध यातायात,कड़ान परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलेगी।
इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने भी संबोधन किया।
इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री व रहली विधायक गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री व खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, बंडा विधायक वीरेन्द्र लंबरदार, देवरी विधायक बज्र बिहारी पटेरिया, बीना विधायक निर्मला सप्रे, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा, ननि अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!