Headlines

रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने सांसद ने रेल मंत्री को सौंपा मांग पत्र, आरओबी कार्यों में तेजी की मांग

शेयर करें

बीना-कुरवाई-पठारिया-सिरोंज-आरोन-लटेरी-सुठालिया-ब्यावरा-भोपाल नई रेल लाइन के सर्वे के आदेश जल्द जारी करने का अनुरोध

सागर।किसी भी क्षेत्र के विकास में परिवहन साधनों की पर्याप्त उपलब्धता नींव का पत्थर साबित होती है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े द्वारा लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में उन्होंने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने का निवेदन करते हुए मांग पत्र सौंपा। जिसमें मुख्य रूप से सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन आरओबी, सिरोंज-कुरवाई-लटेरी को रेल नेटवर्क से जोड़ने, भोपाल-सागर-छतरपुर तथा खुरई में ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
उन्होंने रेल मंत्री को सागर लोकसभा क्षेत्र में वर्तमान में निर्माणाधीन सभी रेलवे ओवरब्रिज की सूची, राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे सर्विस रोड के कार्यों की स्थिति तथा रेलवे की ओर से चल रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। सांसद ने कहा कि आरओबी परियोजनाएं सागर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आम नागरिकों को लंबे समय से हो रही परेशानियों से राहत दिलाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
            उन्होंने बीना, कुरवाई, पठारिया, सिरोंज, आरोन, लटेरी, सुठालिया, ब्यावरा और भोपाल नई रेल लाइन के सर्वे के लिए शीघ्र आदेश जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल मार्ग सागर लोकसभा सहित विदिशा, राजगढ़, गुना एवं भोपाल से जुड़े ऐसे अनेक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ सकता है, जो आज भी रेल सुविधा से वंचित हैं। कुरवाई, सिरोंज, लटेरी, सुठालिया, आरोन एवं आसपास के क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी मिलने से लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही रोजगार एवं व्यापार को बढ़ावा तथा क्षेत्र के संतुलित विकास को नई गति देने में मदद मिलेगी। इसलिए उन्होंने मंत्री से इस महत्वपूर्ण परियोजना के सर्वे के शीघ्र आदेश जारी करने का अनुरोध किया, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस कार्रवाई प्रारंभ हो सके।
भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल लाइन और खुरई में ट्रेनों के ठहराव की मांग
         सांसद ने भोपाल, रायसेन, सागर, छतरपुर और खजुराहो नई रेल लाइन की मांग भी रखी। लगभग 320 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित यह रेल लाइन परियोजना बुंदेलखंड एवं मध्य प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस परियोजना के सर्वेक्षण के लिए रेलवे द्वारा बजट स्वीकृत किया जा चुका है। इस लाइन के निर्माण से भोपाल, रायसेन, सागर, छतरपुर और विश्व प्रसिद्ध खजुराहो के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। साथ ही सागर एवं आसपास के क्षेत्रों से भोपाल और छतरपुर की दूरी एवं यात्रा समय कम होने से पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
सांसद ने कहा कि सागर को एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के रूप में विकसित करना उनका प्रमुख लक्ष्य है और भोपाल-सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल कनेक्टिविटी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो सकती है।
उन्होंने सागर लोकसभा क्षेत्र के खुरई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। इनमें गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और जबलपुर एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके साथ ही खुरई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास कार्यों का भी निवेदन किया। उन्होंने कहा कि खुरई एक महत्वपूर्ण कृषि, औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्र है। यहां ट्रेनों के ठहराव बढ़ने से विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उपरोक्त मांगों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी आरओबी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की समीक्षा किए जाने का आश्वासन दिया। अन्य मांगों के संबंध में भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद द्वारा प्रस्तुत मांग पत्रों एवं प्रस्तावों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजकर तत्काल कार्यवाही की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!