सागर/ रजाखेड़ी बजरिया स्थित विधायक कार्यालय में मकरोनिया ग्रामीण मंडल एवं सागर ग्रामीण मंडल की पृथक-पृथक बैठकों का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक का नेतृत्व नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का स्पष्ट संदेश दिया।
अपने संबोधन में विधायक श्री लारिया ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी संगठन विस्तार की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए शक्ति केंद्रों के गठन, उनकी नियमित बैठकों, पोलिंग केंद्रों की सक्रियता तथा “मन की बात” कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों को संगठन एप एवं सरल ऐप पर अनिवार्य रूप से डाउनलोड कर डिजिटल रूप से भी सक्रिय रहने की बात कही।
विशेष रूप से उपस्थित भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी अपने उद्बोधन में संगठन की एकजुटता को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करें तथा जनसंपर्क को व्यापक बनाएं।
बैठक में जिला महामंत्री चैन सिंह, मंडल अध्यक्ष अशोक सिंह, अरविंद घोसी, अंकित तिवारी, ऑफीसर यादव, बंटी राठौर, रत्नेश राजपूत सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रमुख कार्यकर्ता, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन के प्रति नव संकल्प और ऊर्जा के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
संगठन एक, संकल्प अनेक: विधायक लारिया ने कार्यकर्ताओं में भरी नई ऊर्जा