कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम एवं नागरिक दायित्वों की दी जानकारी
सागर।स्कूली विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों, कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों एवं पुलिस व्यवस्था के प्रति जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से सागर पुलिस द्वारा संचालित “सृजन संवाद योजना” के अंतर्गत आज योजना का द्वितीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी द्वारा अभियान की गतिविधियों का समन्वय एवं सतत् पर्यवेक्षण किया जा रहा है।
सृजन संवाद योजना के अंतर्गत सांदीपनी स्कूल सागर एवं सांदीपनी स्कूल बांदरी में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं संवाद गतिविधियां आयोजित की गईं। योजना के तहत प्रत्येक कार्यक्रम में लगभग 100-100 विद्यार्थियों को शामिल कर उन्हें कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है।
सांदीपनी स्कूल सागर में छात्राओं से संवाद
सांदीपनी स्कूल सागर में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अधिकार एवं सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, यातायात नियम, हेलमेट की अनिवार्यता, आपातकालीन पुलिस सहायता एवं नागरिक कर्तव्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्राओं के साथ संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया। छात्राओं को प्रेरित किया गया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के पुलिस की सहायता लें।
कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी श्रीमती संतोषी कनासिया द्वारा भी छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला संबंधी अपराधों में पुलिस की भूमिका तथा उपलब्ध सहायता व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र-छात्राओं का थाना बांदरी भ्रमण एवं सागर में थाना गोपालगंज भ्रमण
सृजन संवाद योजना के अंतर्गत सांदीपनी स्कूल बांदरी के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराने के उद्देश्य से थाना बांदरी और थाना गोपालगंज का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।
थाना बांदरी में थाना प्रभारी श्री सत्येंद्र सिंह गुर्जर द्वारा छात्र-छात्राओं को थाना परिसर एवं पुलिस की विभिन्न कार्यप्रणालियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं को शिकायत प्राप्त करने एवं पंजीयन की प्रक्रिया, पुलिस सहायता व्यवस्था, विवेचना कार्य, अभिलेख संधारण, महिला संबंधी मामलों में पुलिस की भूमिका तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न पुलिस सेवाओं के बारे में बताया गया।
थाना प्रभारी श्री सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने छात्र-छात्राओं को समझाया कि पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर रहती है। किसी भी आपात स्थिति अथवा अपराध की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया।
थाना भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न विषयों पर उत्सुकतापूर्वक प्रश्न पूछे तथा पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। विद्यार्थियों ने थाना परिसर में पुलिस द्वारा किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त की और पुलिस व्यवस्था को लेकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
हर दूसरे दिन लगभग 100-100 विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
सृजन संवाद योजना के अंतर्गत सागर जिले के विभिन्न विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। योजना के तहत हर दूसरे दिन लगभग 100-100 विद्यार्थियों को विभिन्न संवाद, प्रशिक्षण, जागरूकता गतिविधियों एवं पुलिस संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण से जोड़ा जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सुरक्षा के प्रति सजगता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकें।
सागर पुलिस द्वारा संचालित “सृजन संवाद योजना” 05 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी। आगामी कार्यक्रमों में भी जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने के साथ-साथ कानून, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात एवं नागरिक दायित्वों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम एवं थाना भ्रमण को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताते हुए सक्रिय सहभागिता की।
