सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर के द्विवार्षिक चुनाव 2026-28 की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। आज 20 अगस्त को पोस्टल बैलेट के माध्यम से 15 अधिवक्ताओं ने गुप्त मतदान किया। अब शेष पात्र अधिवक्ताओं के लिए मुख्य मतदान कल 21 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित मतदान स्थल पर कराया जाएगा।
उप निर्वाचन अधिकारी एवं प्रवक्ता महेश नेमा ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए मतदान सामग्री और मतपेटियों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदान के लिए प्रवेश गेट क्रमांक-3 से होगा, जबकि मतदान के बाद निकासी गेट क्रमांक-5 से की जाएगी।


मतदान दल के तैनात सदस्यों को अधिवक्ता परिचय पत्र एवं अन्य वैध प्रमाण के साथ ही मतदान स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा। निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे ने मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार के अनावश्यक हस्तक्षेप और अनुशासनहीनता पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिवक्ताओं से शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से मतदान में सहभागिता की अपील की है।
22 अगस्त को होगी मतगणना
चुनाव की मतगणना 22 अगस्त को सुबह 11 बजे से मतपत्र कक्ष में कैमरों की निगरानी में होगी। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के अनुसार संपूर्ण मतगणना पूरी होने के बाद ही जिला अधिवक्ता संघ सागर चुनाव 2026-28 के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
