Headlines

भूत-प्रेत का भय दिखाकर महिला को बहकाया, फिर घर से चांदी की बिछिया और नकदी चोरी

शेयर करें

मोतीनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ा, चोरी गई संपत्ति की बरामदगी

ज्ञान गुण सागर/सागर। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मोतीनगर पुलिस ने ग्राम अमेट में महिला को भूत-प्रेत का भय दिखाकर घर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

क्या है पूरा मामला?

दिनांक 25 अक्टूबर 2026 को ग्राम अमेट, थाना मोतीनगर निवासी मनीषा पटेल ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि सुबह लगभग 10 बजे दो व्यक्ति बाबा के वेश में उनके घर आए और आटा मांगने लगे। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला को उसके पति पर भूत-प्रेत का साया होने की बात कहकर डराया तथा कथित उपाय के नाम पर उसे बहकाया।

महिला के नहाने चले जाने के दौरान दोनों व्यक्ति घर से चांदी की दो जोड़ी बिछिया, आधार कार्ड तथा घर के खर्च के लिए रखी नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10,000 रुपए बताई गई।

फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 26 अक्टूबर को दोनों आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं विवेचना के माध्यम से आरोपियों की तलाश प्रारंभ की। प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को दोनों संदिग्ध आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी। इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष चोरी गई चांदी की दो जोड़ी बिछिया एवं नकदी सहित कुल 9,000 की संपत्ति जप्त की। दोनों आरोपियों चौबे पिता सलीम गुसाईं, उम्र 31 वर्ष एवं सोचेंद्र पिता संजीवन, उम्र 26 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दोनों आरोपी वार्ड नंबर 3/165, इंद्रानगर, उरई, जिला जालौन, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!