150 आपदा मित्र वालेंटियर्स को दिया गया सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण

शेयर करें

सागर ।मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं होमगार्ड मुख्यालय के निर्देशानुसार सागर जिले में आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण का प्रथम सत्र 23 अगस्त को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 150 आपदा मित्र वालेंटियर्स ने 17 से 23 अगस्त 2026 तक उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डिवीजन कमांडेंट सागर बी.पी. वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि भारतीय स्त्री शक्ति मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष  प्रतिभा तिवारी उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट भूपेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में कंपनी कमांडर  अनिमेष राजपूत, प्लाटून कमांडर  समीक्षा श्रीधर, हवलदार अनुदेशक  ममता ठाकुर एवं एसडीईआरएफ टीम द्वारा किया गया।

सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान आपदा मित्रों को विभिन्न प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य तथा आपदा मित्र के दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में बाढ़, भूकंप, सर्पदंश प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, इंप्रोवाइज्ड राफ्ट, अग्निशमन उपकरणों का प्रयोग, ध्वस्त ढांचे में खोज एवं बचाव, घायलों का प्राथमिक उपचार एवं परिवहन तथा आकस्मिक सेवाओं सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

समापन अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट  भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने आपदा मित्रों के कर्तव्यों एवं दायित्वों पर प्रकाश डाला। सिविल डिफेंस के डिवीजन वार्डन  राजेश मिश्रा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में प्रशिक्षण में विशेष सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि  बी.पी. वर्मा द्वारा सभी नामांकित आपदा मित्र वालेंटियर्स को इमरजेंसी किट एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने के लिए आपदा मित्रों को प्रोत्साहित किया। अंत में सभी वालेंटियर्स से प्रशिक्षण संबंधी फीडबैक फॉर्म भरवाए गए। समापन समारोह में होमगार्ड का कार्यालयीन बल एवं सभी नामांकित आपदा मित्र वालेंटियर्स उपस्थित रहे।


शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!