सागर.विश्व रेडक्रॉस सप्ताह (2 मई 2026 से 8 मई 2026 तक) रेड क्रॉस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सेवा कार्यों के रूप में सप्ताह भर विभिन्न कार्यक्रमों का श्रृंखलाबद्ध आयोजन किया । इसी तारतम्य में पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर में रेडक्रॉस सोसाइटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक उपचार (First Aid) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डाॅ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सही सहायता प्रदान करने के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक एवं सक्षम बनाना था।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में जिला आयुष चिकित्सालय से पधारे डॉ. आशीष पटेल ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपात स्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों और प्राथमिक उपचार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से रोड एक्सीडेंट, साँप काटने और मिर्गी के दौरे जैसी परिस्थितियों में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इस पर व्यावहारिक उदाहरणों के साथ मार्गदर्शन दिया। डॉ. पटेल ने बताया कि दुर्घटना के बाद घबराने के बजाय शांत रहकर सही प्राथमिक उपचार देना और मरीज को यथाशीघ्र नजदीकी अस्पताल पहुँचाना अत्यंत आवश्यक है।
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि आज के समय में प्राथमिक उपचार का ज्ञान हर व्यक्ति के लिए अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि “आपातकालीन स्थिति कभी भी और कहीं भी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे समय में सही जानकारी होने पर हम किसी की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।” उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में रासेयो के छात्र इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अवधेश प्रताप सिंह एवं छात्रा इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अभिलाषा जैन की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही कार्यक्रम में डॉ. रश्मि यादव (रासेयो कार्यक्रम अधिकारी, पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मकरोनिया), डॉ. रश्मि दुबे (अर्थशास्त्र विभाग), डॉ. राना कुंजर सिंह (हिन्दी विभाग) एवं श्री सुरेन्द्र यादव भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की और इसे अपने दैनिक जीवन में उपयोगी बताया। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।