अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर, भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के तहत खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के चेयरमैन श्री मनोज गोयल ने शुक्रवार को ‘स्वधा’ नाम से एक विशेष वेलनेस वियर कलेक्शन पेश किया है। खादी उत्कृष्टता केंद्र (सीओईके) द्वारा निर्मित, यह संग्रह आधुनिक परिधान शैलियों के साथ योग, स्वास्थ्य और संतुलित जीवन की भारतीय अवधारणाओं को मिश्रित करने का एक अभिनव प्रयास है। यह लॉन्च समारोह केवीआईसी के सहयोग से नई दिल्ली के हौज खास में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (एनआईएफटी) परिसर में खादी उत्कृष्टता केंद्र (सीओईके) के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित किया गया था।
इस मौके पर केवीआईसी के चेयरमैन श्री मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्ताव पर संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 2014 में घोषित ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ हर साल 21 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है। यह दिन योग की प्राचीन भारतीय परंपरा का जश्न मनाता है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच तालमेल बिठाकर संपूर्ण स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देती है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए, आने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए ‘स्वधा’ वेलनेस वियर कलेक्शन तैयार किया गया है, जिसमें भारत की दो महत्वपूर्ण विरासतों – योग और खादी – को एक साथ पिरोया गया है।श्री गोयल ने कहा कि पूज्य बापू की विरासत ‘खादी’ सिर्फ एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता, स्वदेशी भावना, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि ‘स्वधा’ वेलनेस वियर कलेक्शन दो महान भारतीय परंपराओं – योग और खादी – का एक बेहतरीन मेल है। उन्होंने समझाया कि ‘स्वधा’ शब्द अथर्ववेद से लिया गया है और इसका अर्थ है सुगमता, आराम और आध्यात्मिक संतुष्टि। इसी सोच पर आधारित यह कलेक्शन सादगी, आराम और हर स्थिति में ढलने की खूबी को प्राथमिकता देता है। इसे आधुनिक जीवनशैली की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे यह योग करने और रोजमर्रा के इस्तेमाल, दोनों के लिए उपयुक्त है।