जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने ली संगठनात्मक बैठक, जिला टोली का किया गठन
सागर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिलेभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जिला भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठन की जिम्मेदारियों एवं सामाजिक सहभागिता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और राष्ट्र निर्माण के महान प्रेरणास्रोत हैं। उनके 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के प्रत्येक जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि उनके विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिला टोली का गठन किया गया। जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार को टोली का संयोजक बनाया गया है। वहीं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष मधुकर जाटव, नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, जिला कार्यसमिति सदस्य डॉ. परशुराम एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष गंगाराम अहिरवार को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्याम तिवारी ने नवनियुक्त टोली के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता समन्वय के साथ कार्य करें और जिले के प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के संदेश “समरस समाज, समान अवसर और मानव सेवा” को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक में वरिष्ठ नेता रामेश्वर नामदेव,जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम टोली जिला संयोजक चेतराम अहिरवार,चैन सिंह ठाकुर,सुमित यादव, जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी,निकेश गुप्ता सोनू उपाध्याय नितिन सोनी व अपेक्षित पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।